रातू/रांची: SIR अभियान को लेकर रातू प्रखंड की हुरहुरी पंचायत में गुरुवार को ग्रामीणों की भारी भीड़ जुटी। पंचायत भवन और शिविरों में सुबह से शाम तक मतदाताओं ने नाम, पिता के नाम और उम्र से जुड़ी विसंगतियों के सुधार की जानकारी ली और जरूरी दस्तावेज जमा किए।

शिविर का निरीक्षण BDO राकेश कुमार श्रीवास्तव और मुखिया कमल खलखो ने किया। वार्ड सदस्य शिल्पा तिर्की, समाजसेवी आफताब आलम और झारखंड छात्र संघ के सचिव अफसर अंसारी ने ग्रामीणों को प्रक्रिया की जानकारी दी।

SIR में पांच तरह की विसंगतियों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इनमें मतदाता के नाम या पिता के नाम में अंतर, एक ही पिता से छह से अधिक मतदाताओं की मैपिंग, मतदाता-पिता की उम्र में असामान्य अंतर और दो भाई-बहनों के बीच नौ माह से कम उम्र का अंतर शामिल है।

इन मामलों में SIR वोटर लिस्ट, आधार और निर्धारित 11 मान्य दस्तावेजों में से प्रमाणपत्र देना होगा। जरूरत के अनुसार BLO रिपोर्ट, खतियान, वंशावली और पिता या भाई-बहन का आधार भी मांगा जा सकता है।

दिशा-निर्देशों के मुताबिक सभी दस्तावेज स्व-अभिप्रमाणित होने चाहिए। वंशावली के लिए मुखिया या वार्ड सदस्य का प्रमाणपत्र मान्य नहीं होगा, बल्कि सक्षम प्राधिकारी या अंचल अधिकारी (CO) से जारी वंशावली जरूरी होगी। विवाहित महिला मतदाताओं के सत्यापन में माता-पिता से मैपिंग का प्रावधान है।

मतदाताओं से अपील की गई है कि नोटिस मिलने के बाद जरूरी दस्तावेजों की प्रति संबंधित BLO को दें, ताकि वह अपनी रिपोर्ट और मंतव्य दर्ज कर प्रक्रिया आगे बढ़ा सके।