रांची: जाति जनगणना में ओबीसी की सभी उपजातियों की अलग गणना की मांग को लेकर गुरुवार को एक प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व अखिल भारतीय संपूर्ण क्रांति राष्ट्रीय मंच के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष व पूर्व सांसद डॉ. सूरज मंडल ने किया। प्रतिनिधिमंडल में लोकहित अधिकार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हरिनाथ साहू, तैलिक साहू महासभा के प्रदेश अध्यक्ष महेश महतो, शिक्षाविद राजकिशोर साहू, प्रमोद प्रसाद गुप्ता और सुबोध लकड़ा शामिल थे।
प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि जाति जनगणना में ओबीसी की प्रत्येक उपजाति के लिए अलग कॉलम रखा जाए, पंचायत चुनाव में आबादी के अनुपात में प्रतिनिधित्व दिया जाए और परिसीमन के बाद विधानसभा सीटों की संख्या बढ़ाई जाए।
डॉ. सूरज मंडल ने कहा कि उपजातियों की अलग-अलग गणना से ओबीसी की वास्तविक आबादी का स्पष्ट आंकड़ा सामने आएगा। महेश महतो और राजकिशोर साहू ने भी इस मांग का समर्थन किया। इस दौरान मंडल ने बेड़ो के कटरमाली स्थित 10 पड़हा में करम पूर्व संध्या समारोह में शामिल होने पर राज्यपाल का आभार भी जताया।
