रांची: भारतीय जनता पार्टी ने संगठन में बड़े पैमाने पर फेरबदल करते हुए कई राज्यों में नए प्रदेश महामंत्री (संगठन) की नियुक्ति की है। झारखंड में पवन साय को नई जिम्मेदारी दी गई है, जबकि पिछले करीब चार वर्षों से यहां संगठन का दायित्व संभाल रहे कर्मवीर को छत्तीसगढ़ भेजा गया है। पार्टी की ओर से जारी सूची के अनुसार राष्ट्रीय सह महामंत्री (संगठन) के तौर पर शिवप्रकाश को आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और गोवा तथा सौदान सिंह को बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वी. सतीश को एससी-एसटी मोर्चा व संसदीय कार्यालय और नागेन्द्र को वरिष्ठ कार्यकर्ता संपर्क का दायित्व दिया गया है।
राज्यवार नियुक्तियों में अजय जामवाल को महाराष्ट्र, मधुकर को आंध्र प्रदेश-तेलंगाना, रवींद्र राजू को असम-त्रिपुरा, भीखूभाई दलसानिया को बिहार, सिद्धार्थन को हिमाचल प्रदेश, रत्नाकर को गुजरात व दादरा नगर हवेली-दमन एवं दीव, फणीन्द्रनाथ शर्मा को उत्तराखंड, पवन राणा को दिल्ली-हरियाणा, चन्द्रशेखर को मध्य प्रदेश, मानस मोहंती को ओडिशा, मंत्री श्रीनिवासुलु को पंजाब-चंडीगढ़, धर्मपाल को उत्तर प्रदेश और अमिताभ चक्रवर्ती को पश्चिम बंगाल का प्रदेश महामंत्री (संगठन) बनाया गया है।
इसके अलावा सतीश धोंड को महाराष्ट्र में सह महामंत्री (संगठन) के साथ गुजरात, मध्य प्रदेश, राजस्थान और महाराष्ट्र में जनजाति संपर्क की जिम्मेदारी दी गई है। दशरथ को तेलंगाना का सह महामंत्री (संगठन) और अरुण बिन्दनाडी को गुजरात का सह महामंत्री बनाया गया है। नागेन्द्र के साथ अभय गिरी को ब्रज क्षेत्र और अनंत नारायण मिश्रा को भागलपुर, पूर्णिया और कोसी क्षेत्र का संगठक बनाया गया है। कार्यालय निर्माण की जिम्मेदारी रवींद्र राजू को दी गई है।
