सीसीएल के अधिकारियों को मूलभूत सुविधाएं बहाल करने का निर्देश
रामगढ़: जिले में सरकारी परियोजनाओं के निर्माण में तेजी लाने को लेकर शनिवार को समाहरणालय सभाकक्ष में उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में बैठक हुई। जिसमें सीसीएल और टाटा क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न सरकारी परियोजनाओं के निर्माण के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र निर्गत करने से संबंधित लंबित मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित विभागों के पदाधिकारियों और सीसीएल और टाटा प्रबंधन के प्रतिनिधियों से प्रस्तावों की अद्यतन स्थिति जानी।
इस दौरान उपायुक्त ने कहा कि स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा और आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी योजनाएं सीधे आमजन से जुड़ी हैं। इनके क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार का अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। उन्होंने सभी विभागों और संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय बनाकर लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। वहीं बैठक में परियोजनाओं के लिए आवश्यक भूमि से जुड़े तकनीकी और प्रशासनिक बिंदुओं पर भी चर्चा हुई। प्रत्येक मामले की विभागवार समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।
उपायुक्त ने सीसीएल के अधिकारियों को विशेष निर्देश देते हुए कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्र की रिहैबिलिटेशन साइट्स का निरीक्षण करें। वहां स्वास्थ्य, शिक्षा, शौचालय, विद्युत, ड्रेनेज जैसी मूलभूत सुविधाओं का आकलन कर उनकी बहाली सुनिश्चित करें। बैठक में संबंधित विभागों के वरीय पदाधिकारी, सीसीएल और टाटा प्रबंधन के प्रतिनिधि सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
