गणपति बप्पा मोरया…

रांची: श्री गणेश पूजा रांची महानगर जिला के अंतर्गत राजधानी के सभी बड़े गणेश पूजा पंडालों का पट सोमवार को भक्तों के लिए खोल दिया गया। महानगर जिला अध्यक्ष नंद किशोर सिंह चंदेल ने बताया कि इस वर्ष शहर के सभी पंडालों की भव्यता पिछले साल से कई गुना ज्यादा है। विद्युत सज्जा, पंडाल और मूर्ति में अलग-अलग कारीगरी की गई है, जिससे शाम होते ही हर पंडाल में भक्तों की भीड़ उमड़ रही है।

शहर के लकड़ी टाल स्थित भारतीय युवा संघ समिति ने इस बार बद्रीनाथ धाम की थीम पर पंडाल बनाया है, जहां द्वार पर विष्णु भगवान की शीला मूर्ति है और अंदर गणपति विराजमान हैं। इसका उद्घाटन चीकू सिंह और नंद किशोर सिंह चंदेल ने किया। मेन रोड पूजा समिति ने नेपाल मंदिर की तर्ज पर लालबाग के राजा जैसी विशाल मूर्ति स्थापित की है, जिसका उद्घाटन तमाड़ विधायक विकास सिंह मुंडा ने किया। रातू रोड कृष्णा नगर कॉलोनी और कोकर में काल्पनिक मंदिर थीम लोगों को आकर्षित कर रही है, जबकि कोकर हैदर अली रोड स्थित मंगल मूर्ति क्लब ने महाभारत थीम पर मूर्ति सजाई है जिसका उद्घाटन सदर थाना प्रभारी कुलदीप कुमार ने किया। धुर्वा सेक्टर-2 में समृद्धि विकास मंच के पंडाल का उद्घाटन वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने किया।

इसके अलावा साउथ रेलवे कॉलोनी चुटिया, न्यू आनंद नगर, नगड़ा टोली, डोरंडा, चर्च रोड, हिनू, हिंदीपीढ़ी सहित कुल 18 प्रमुख पंडालों में विधिवत पूजा शुरू हो गई है। सभी जगह गणपति बप्पा मोरया के जयकारे गूंज रहे हैं।