भुरकुंडा (रामगढ़): गणेश चतुर्थी पर सोमवार को भुरकुंडा कोयलांचल सहित आसपास सिद्धिविनायक भगवान गणपति की पूजा भक्तिभाव से हुई। भुरकुंडा बाजार और शास्त्री चौक में भव्य और आकर्षक पंडाल में भगवान गणेश की मनमोहक प्रतिमा स्थापित कर विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इसके अलावा भी कई जगहों पर भगवान गणेश की पूजा कर मंगलकामना की गई। वहीं जगह-जगह गणपति के भक्ति गीतों से क्षेत्र गूंजायमान रहा।
गणेश पूजा को लेकर पंडालों को रंग-बिरंगी झालर और आकर्षक लाइटों से सजाया गया था। वहीं लाइट से सुसज्जित तोरणद्वार भी बनाए गए पंडालों में प्रतिमा के दर्शन के लिए देर शाम श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। पूजा समितियों के लोग तत्परता से पूजा-अर्चना और प्रसाद वितरण में योगदान देते दिखे।
