रामगढ़: राज्य स्तरीय दिशा (DISHA) समिति (झारखंड) भारत सरकार के सदस्य देवेश तिवारी सोमवार को एक दिवसीय दौरे पर रामगढ़ पहुंचे। जहां सर्किट हाउस परिसर में सुबह 8 बजे उन्होंने नगर परिषद रामगढ़ के सफाई मित्रों को शॉल एवं गमछा भेंट कर सम्मानित किया। अवसर पर देवेश तिवारी ने कहा कि सफाई मित्र हमारे शहरों की असली रीढ़ हैं। उनके परिश्रम से ही हम स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण में सांस ले पाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी के ‘स्वच्छता ही सेवा’ और ‘श्रम को सम्मान’ के मंत्र को हम धरातल पर उतार रहे हैं। सफाई मित्रों का सम्मान करना केवल औपचारिकता नहीं बल्कि समाज का कर्तव्य है। उन्होंने सभी सफाई मित्रों से अपील की कि वे काम के दौरान अपनी सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। दस्ताने, मास्क और जूते जैसे सुरक्षा उपकरणों का अनिवार्य रूप से उपयोग करें और अपने स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।
सम्मान समारोह के बाद देवेश तिवारी ने नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी अजमल हुसैन के साथ शहर के प्रमुख विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने एसटीपी, डब्ल्यूटीपी, डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन और राजस्व संग्रह की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली। इसके साथ ही उन्होंने स्वयं झाड़ू लेकर सफाई मित्रों के साथ सर्किट हाउस की साफ-सफाई में योगदान देते हुए स्वच्छता का संदेश दिया।
अवसर पर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी अजमल हुसैन, सिटी मैनेजर राजीव रंजन, सुपरवाइजर सलमान अंसारी सहित नगर परिषद के कर्मी मौजूद रहे। इस दौरान प्रेम कुमार मुंडा, दिनेश्वर रविदास, पंकज नायक, विश्वकर्मा साव, विक्की घांसी, देव कुमार, रोशन कुमार, संजीत गोप सहित दो दर्जन से अधिक सफाई मित्रों को सम्मानित किया गया।
