रांची: विश्वविद्यालय की खेल प्रतिभाओं को पहचानने और उन्हें प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करने की दिशा में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (डीएसपीएमयू) ने महिला फुटबॉल टीम के गठन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई है। बुधवार को पद्मश्री डॉ. रामदयाल मुंडा फुटबॉल ग्राउंड में आयोजित चयन ट्रायल के बाद 21 खिलाड़ियों की टीम चुनी गई। ट्रायल में कुल 31 महिला खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।

इस चयन के साथ अब विश्वविद्यालय की महिला फुटबॉल टीम को अंतर-विश्वविद्यालयीय और अन्य प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने की राह खुलेगी। टीम के प्रदर्शन को बेहतर बनाने के लिए नियमित अभ्यास, अनुशासन और आपसी तालमेल पर जोर दिया गया है।

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राजीव मनोहर ने कहा कि खेल छात्राओं को अपनी क्षमता पहचानने और नेतृत्व कौशल विकसित करने का अवसर देते हैं। विश्वविद्यालय का प्रयास है कि छात्राओं को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए अनुकूल माहौल मिले, ताकि वे खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ सकें।

खेल निदेशक डॉ. विनय भरत ने चयनित खिलाड़ियों से लगातार अभ्यास करने और टीम के लक्ष्य को प्राथमिकता देने की अपील की। उन्होंने कहा कि महिला खिलाड़ियों की भागीदारी बढ़ने से विश्वविद्यालय में खेल गतिविधियों को नई मजबूती मिलेगी।

चयन ट्रायल के दौरान कुलपति प्रो. राजीव मनोहर और खेल निदेशक डॉ. विनय भरत मौजूद रहे। पीटीआई परमेश्वर महतो और प्रिया ने चयन प्रक्रिया के संचालन में सहयोग किया।

चयनित टीम में पुष्पा कुमारी, रिया कुमारी, ललिता टोप्पो, प्रियंका कुमारी, बिनीता लकड़ा, सोनी कुमारी, आरती कुमारी, लक्ष्मी कुमारी, निशा लिंडा, रोशनी तिग्गा, उर्वशी कुमारी, संगीता कुमारी, अंजलि कुजूर, अल्फा कंडुलना, प्रिया कुमारी, प्रियंका कुमारी, नेहा मुंडा, उषा उरांव, निशु नाग, अनु कुमारी और पूजा कुमारी शामिल हैं।