गिद्दी में आपराधिक घटना को अंजाम देने की थी योजना 

एक अपराधी फरार, हथियार बरामद 

गिद्दी (रामगढ़): गिद्दी थाना क्षेत्र में शनिवार को तड़के सुबह पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में दो अपराधी घायल हो गए, जबकि एक जंगल का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा। पुलिस ने घटनास्थल से दो हथियार, जिंदा गोली, खोखा, एक पर्चा एवं एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। गिरफ्तार अपराधी की पहचान बादल कुमार और मोहित कुमार उर्फ पीटर के रूप में हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार रात करीब 2:30 बजे पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि भरकुंडा की ओर से कुख्यात राहुल दुबे गिरोह के गुर्गे गिद्दी कोलियरी और ट्रांसपोर्ट रोड के आसपास किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए मोटरसाइकिल से आने वाले हैं।

सूचना के सत्यापन और अग्रेत्तर कार्रवाई करते हुए गिद्दी थाना प्रभारी इकबाल हुसैन और उरीमारी ओपी प्रभारी रथु उरांव ने सदलबल अभियान चलाया। इस दौरान पुराना कांटा घर रोड के आसपास सघन वाहन चेकिंग अभियान लगाया गया। तड़के सुबह लगभग 3:50 बजे एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्ध व्यक्ति भुरकुंडा की तरफ से आते दिखे। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर वे मोटरसाइकिल मोड़कर भागने लगे। भागने के क्रम में उनकी मोटरसाइकिल गिर गई और तीनों जंगल की ओर भागे। जिसपर पुलिस ने उनका पीछा किया।

इस क्रम में अपराधियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली से दो अपराधी घायल हो गए। जबकि एक अपराधी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला। पुलिस ने दोनों अपराधियों को हिरासत में लेकर इलाज के लिए सदर अस्पताल हजारीबाग भेज दिया है। वही फरार अपराधी की गिरफ्तारी के लिए सघन छापेमारी की जा रही है।

 

By Admin

error: Content is protected !!