| भुरकुंडा क्षेत्र कोयलांचल संघर्ष समिति का हुआ गठन |
माइनिंग प्लान साझा करने को लेकर उठेगी आवाज, रोजगार की भी होगी मांग
रामगढ़: सीसीएल की भुरकुंडा परियोजना में बंद संगम खदान के पास शुरू किए गए माइनिंग कार्य के मद्देनजर सोमवार को भुरकुंडा पंचायत में बैठक का आयोजन किया गया। जिसकी अध्यक्षता मुखिया अजय पासवान और संचालन आशीष गुप्ता ने किया। बैठक में मुख्य रूप से पूर्व जिप उपाध्यक्ष मनोज राम, जवाहर नगर मुखिया प्रतिनिधि प्रदीप मांझी, चमन लाल, योगेश दांगी, एचएन यादव, सतीश मोहन मिश्रा, जगतार सिंह, प्रेमनाथ विश्वकर्मा, श्रीनाथ करमाली सहित क्षेत्र के कई महिला पुरुष मौजूद रहे।

बैठक में भुरकुंडा में शुरू हुई माइनिंग में पंचायत प्रतिनिधियों और क्षेत्र के गणमान्य लोगों की अनदेखी करने पर रोष प्रकट किया गया। साथ ही माइनिंग प्लान को लेकर आशंकाओं और भावी संभावनाओं पर चर्चा की गई। बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व जिप उपाध्यक्ष मनोज राम ने कहा कि देश में पंचायती राज है और शासन व्यवस्था का ही एक अंग है। जिसे भुरकुंडा परियोजना प्रबंधन दरकिनार कर मनमानी कर रही है। पंचायत प्रतिनिधियों को यह जानने का पूरा अधिकार है कि उनके क्षेत्र में क्या कार्य हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रबंधन अंग्रेजों की फूट डालो शासन करो की नीति पर क्षेत्र के लोगों को ठगती रही है और कुछ स्वार्थी लोगों के जरिए गरीब जनता का हक मारती रही है। उन्होंने कहा कि एकजुट होकर संघर्ष करें, जनहित में होनेवाले हर संघर्ष में हम साथ हैं।
वहीं अन्य वक्ताओं ने कहा कि सीसीएल प्रबंधन सबसे पहले भुरकुंडा में खुल रही ओपन कास्ट माइंस का पूरा प्लान स्पष्ट रूप से साझा करें। पंचायत प्रतिनिधियों को बताया जाए कि इस माइंस का संपूर्ण विस्तार कहां से कहां तक होगा। ब्लास्टिंग से कौन-कौन सी कॉलोनी प्रभावित हो सकती है और यदि लोगों को उजाड़ा जाता है तो उनके पुनर्वास को लेकर क्या व्यवस्था की जाएगी। इसके साथ ही माइनिंग से प्रदूषण बढ़ने पर रोकथाम के क्या प्रबंध किए जाएंगे और क्षेत्र के बेरोजगार को रोजी-रोजगार उपलब्ध होंगे या नहीं। इसपर प्रबंधन अपनी नीति स्पष्ट करें, अन्यथा माइनिंग कार्य नहीं होने दिया जाएगा। संवैधानिक तरीके से आंदोलन कर माइनिंग कार्य ठप करा दिया जाएगा।
बैठक के दौरान सर्वसम्मति से भुरकुंडा क्षेत्र कोयलांचल संघर्ष समिति का गठन किया गया। जिसमें संरक्षक मनोज राम (पूर्व जिला पार्षद), चमन लाल, श्रीनाथ करमाली, एचएन यादव, प्रेमनाथ विश्वकर्मा, जगतार सिंह, अध्यक्ष अजय कुमार पासवान, सचिव प्रदीप मांझी, उपाध्यक्ष योगेश दांगी, आशीष गुप्ता, मुकेश पाण्डे, इम्तियाज अध्मय, सतीश मोहन मिश्रा सहित कार्यकारिणी सदस्यों में राजेन्द्र नायक, फिरदौस आलम, पंकज कुमार, राहुल यादव, प्रकाश दास, बागेश करमाली, विजय कुमार, शहजाद सहित अन्य शामिल हैं।
