रांची/लोहरदगा: कुडू थाना क्षेत्र के सलगी गांव में बुधवार की सुबह घरेलू विवाद में पिता ने बेटे की टांगी से मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान संजय वर्मा के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पिता सुरेश वर्मा को पुलिस ने घटना के करीब एक घंटे के भीतर सलगी जंगल से गिरफ्तार कर लिया।
बताया जाता है कि बुधवार सुबह तक घर में सब कुछ सामान्य था। सुरेश वर्मा घर से बाहर गया था और नशे की हालत में वापस लौटा। उस समय उसका बेटा संजय अपने कमरे में सो रहा था। इसी दौरान सुरेश ने टांगी से उस पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों के अनुसार पिछले एक सप्ताह से पिता-पुत्र के बीच नशे को लेकर विवाद चल रहा था और संजय अपने पिता के नशे में रहने का विरोध करता था।
घटना की सूचना मिलने पर कुडू थाना प्रभारी अजीत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
वारदात के बाद आरोपी सुरेश फरार हो गया था। पुलिस ने तत्काल छापेमारी अभियान चलाया और करीब एक घंटे बाद उसे सलगी जंगल से पकड़ लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त टांगी भी बरामद कर ली है। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आपसी विवाद की बात सामने आई है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और अनुसंधान के बाद ही घटना के पूरे कारण स्पष्ट हो पाएंगे।
