रामगढ़: रजरप्पा क्षेत्र के भुचुंगडीह गांव के निकट अवैध कोयला खनन के लिए बनाए गए मुहानों से काले धुएं का गुबार और आग की भीषण लपटें निकल रही है। जिससे पास के भुचुंगडीह गांव की बड़ी आबादी दहशत में हैं।
मिली जानकारी के अनुसार भुचुंगडीह गांव के आसपास के क्षेत्र में वर्षों से मुहाने बनाकर अवैध रूप से कोयले का खनन होता आ रहा है। वर्तमान में इन्हीं अवैध खनन के मुहानों से आग की लपटें और काला धुआं निकल रहा है। संभावना जताई जा रही है कि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया गया तो भूमिगत आग फैलकर हजारों की आबादी को प्रभावित कर सकती है।
जमीन से निकलती भीषण आग और काले धूएं का गुबार देख भुचुंगडीह गांव के लोग डरे हुए हैं। गांव के भविष्य पर संकट गहराता दिख रहा है। जिससे लोगों में रोष भी देखा जा रहा है। बताया जाता है यहां सुलगती भूमिगत आग को लेकर पूर्व में ही सीसीएल रजरप्पा प्रबंधन को सचेत किया गया था। बावजूद इसके कोई ठोस पहल नहीं हो सकी।
बताया जाता है कि यहां पर दशकों पहले भूमिगत कोयले की खदान हुआ करती। जो काफी अरसे पहले बंद हो गई। संभावना है कि यहां किसी तरह सुलग उठी भूमिगत आग समय बीतने के साथ फैलती गई होगी। इधर, अवैध खनन से मुहानों की पतली होती कोयले की परत के कारण आग ने भीषण रूप अख्तियार कर लिया।
स्थानीय लोगों की मानें तो क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध रूप से खनन कर कोयला निकाला जाता है। जो जिले की कई फैक्ट्रियों व ईंट भट्ठों में खपाया जाता है। साथ ही बाहर की मंडियों में भी भेजा जाता है।