सीसीएल के सीएसआर मद से बनेगा पुल, लोगों में हर्ष
गिद्दी (हजारीबाग): सीसीएल अरगड्डा प्रक्षेत्र के सीएसआर मद से गिद्दी-भुरकुंडा मुख्य सड़क पर बुधवार को दामोदर नदी पुल का शिलान्यास किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल सहित विशिष्ट अतिथि बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी, मांडू विधायक निर्मल महतो उर्फ तिवारी महतो, सीसीएल अरगड्डा महाप्रबंधक सत्यजीत कुमार मौजूद रहे। अवसर पर नदी के दोनों छोर पर शिलापट्ट का अनावरण और नारियल फोड़कर शिलान्यास किया गया। इससे पूर्व अतिथियों के आगमन पर उनका गर्मजोशी से स्वागत करते हुए अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।
अवसर पर सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि पुल के निर्माण से गिद्दी और भुरकुंडा क्षेत्र के बीच आवागमन सुगम होने के साथ यातायात व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। आसपास के ग्रामीणों, श्रमिकों, व्यवसायियों और आम लोगों को काफी सुविधा होगी। वहीं बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी ने कहा कि क्षेत्र के लिए दामोदर पुल काफी मायने रखता है। पुराने पुल के जर्जर होने से लोग काफी समय से नये पुल की मांग कर रहे थे। पुल निर्माण से क्षेत्र के लोगों को काफी सहूलियत होगी।
इस दौरान महाप्रबंधक सत्यजीत कुमार ने कहा कि सीसीएल के सीएसआर मद से पुल की मरम्मत और नए पुल का निर्माण कराया जा रहा है। इसके लिए स्टेट अथॉरिटी ऑफ झारखंड को कुल 17.48 करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध कराई गई है। योजना के तहत दामोदर नदी पर करीब 250 मीटर लंबे नए पुल का निर्माण किया जाएगा।
पुल के निर्माण से गिद्दी और भुरकुंडा क्षेत्र के बीच आवागमन सुगम होने के साथ यातायात व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है। इससे आसपास के ग्रामीणों, श्रमिकों, व्यवसायियों और आम लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग के पूरा होने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
मौके पर सीसीएल अरगड्डा प्रक्षेत्र के एसओपी राजीव कुमार, एसओसी नासिर तौहीद, सीएसआर अधिकारी कुमार अंकित, गिद्दी-ए के परियोजना पदाधिकारी रणधीर कुमार सिंह, कार्मिक अधिकारी भास्कर सारंग, क्षेत्रीय चिकित्सा पदाधिकारी जेड आई खान समेत हजारीबाग जिलाध्यक्ष विवेकानंद सिंह, रामगढ़ जिलाध्यक्ष संजीव सिंह बाबला, आजसू जिलाध्यक्ष दिलीप दांगी, मांडू विधानसभा सांसद प्रतिनिधि पुरुषोत्तम पांडेय, कोयलांचल सांसद प्रतिनिधि रणजीत पांडेय, दूरसंचार सलाहकार समिति सदस्य योगेश दांगी, डाड़ी मंडल सांसद प्रतिनिधि गुंजन साव, भुरकुंडा मंडल अध्यक्ष अजय पासवान, सांसद प्रतिनिधि सतीश मोहन मिश्रा, डब्लू पांडेय, ज्योति सिंह, अशोक सोनी सहित अन्य मौजूद रहे।
