रांची: मोरहाबादी मैदान में 1 अक्टूबर से खरीदारी और मनोरंजन का रंग दिखेगा। जेसीआई रांची की ओर से आयोजित ‘एक्सपो उत्सव 2026’ में देश-विदेश के ब्रांड, स्टार्टअप और ऑटोमोबाइल कंपनियां शामिल होंगी। सात अक्टूबर तक चलने वाले मेले में करीब 400 स्टॉल लगाए गए हैं।
इस बार एक्सपो में महिला उद्यमियों के लिए अलग ‘पिंक हैंगर’ तैयार किया गया है। इसमें महिलाओं की ओर से संचालित स्टॉल लगाए जाएंगे। बच्चों के लिए एम्यूजमेंट पार्क भी बनाया गया है।
एक्सपो का खास आकर्षण 3 अक्टूबर का नाइट मार्केट होगा। यह रात 9 बजे से 12 बजे तक चलेगा। लाइव बैंड के साथ लोग खरीदारी और खान-पान का आनंद ले सकेंगे। 6 अक्टूबर को भजन जैमिंग का आयोजन होगा।
मेले में हर दिन अलग-अलग प्रतियोगिताएं भी होंगी। पहले दिन जूनियर मास्टरशेफ से शुरुआत होगी। 2 अक्टूबर को चित्रकला, ट्रेजर हंट और तंबोला होंगे। 3 अक्टूबर को डॉग शो और वॉइस ऑफ एक्सपो होगा। 4 अक्टूबर को एक्सपो टैंक और डांस कॉम्पिटिशन आयोजित किया जाएगा। अंतिम दिन 7 अक्टूबर को योग और फैशन शो के साथ समापन होगा।
आयोजकों ने टिकट और इवेंट रजिस्ट्रेशन के लिए क्यूआर कोड की सुविधा दी है। इसके जरिए लोग घर बैठे टिकट बुक कर सकेंगे और विभिन्न कार्यक्रमों में पंजीकरण करा सकेंगे।
एक्सपो के चीफ कोऑर्डिनेटर सीए प्रशांत पाटोदिया ने बताया कि इस बार मेले को पहले की तुलना में अधिक आधुनिक स्वरूप दिया गया है। आयोजन की तैयारियों में जेसीआई रांची चैप्टर के अध्यक्ष सीए अभिषेक जैन, सचिव साकेत अग्रवाल, मीडिया प्रभारी वरुण जालान, संयोजक सिद्धार्थ चौधरी और रवि सामोता समेत संस्था के सदस्य जुटे हैं।
