रामगढ़: टाटा डीएवी पब्लिक स्कूल घाटो में आयोजित चार दिवसीय “डेयर और डिस्कवर कार्निवल कैंप” का रविवार को समारोहपूर्वक समापन हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः वैदिक मंत्रोच्चारण और हवन पूजन के साथ हुआ। इसके साथ ही विद्यालय परिवार द्वारा अतिथियों का पारंपरिक रूप से स्वागत किया गया।

समारोह में महाप्रबंधक, टाटा स्टील मुकेश रंजन, चीफ सीईपी टाटा स्टील वेस्ट बोकारो सह डीएवी घाटो के चेयरमैन राजेश कुमार, डीएवी घाटो के मैनेजर सह डीएवी रजरप्पा के प्राचार्य डॉ आरके साहू, डीएवी हजारीबाग के प्राचार्य डॉ रजनीश कुमार, राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर संघ के क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहन महत़, यूनिट लीड टीएसएफ डब्ल्यूबीडी आदित्य कुमार सिंह सहित अन्य गणमान्य शामिल हुए। मंच संचालन कक्षा 12वीं की छात्रा स्नेहा मेसवा और 11वीं का छात्र आतिश कुमार द्वारा किया गया। 

समापन समारोह के दौरान कक्षा दसवीं एवं बारहवीं के बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। मेधावी विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर उपस्थित अभिभावकों एवं अतिथियों ने जोरदार तालियों से उनका उत्साहवर्धन किया।

अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या डॉ. सोनिया तिवारी ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, प्रशिक्षकों एवं शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह कैंप विद्यार्थियों के भीतर छिपी क्षमताओं को पहचानने और उन्हें नई दिशा देने का प्रयास रहा। 

बताया गया कि चार दिनों तक चले इस कार्निवल एडवेंचर कैंप में विद्यार्थियों ने अनेक साहसिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में भाग लिया। कैंप के दौरान कमांडो नेट, बर्मा ब्रिज, आर्चरी, जिप लाइन, टायर क्रॉसिंग, रोप क्लाइम्बिंग, टीम बिल्डिंग गेम्स, नेतृत्व गतिविधियाँ, आत्मरक्षा प्रशिक्षण, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और मनोरंजक चुनौतियों ने बच्चों को रोमांच से भर दिया। विद्यार्थियों ने न केवल इन गतिविधियों का भरपूर आनंद लिया, बल्कि टीमवर्क, धैर्य, साहस और आत्मविश्वास जैसे जीवन मूल्यों को भी आत्मसात किया। समारोह को सफल बनाने में शिक्षक-शिक्षिकाओं, विद्यार्थियों सहित अन्य स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।

 

 

By Admin

error: Content is protected !!