हजारीबाग: पुलिस को नशे के खिलाफ बड़ी कामयाबी मिली है। कोर्रा थाना क्षेत्र के दीपूगढ़ा स्थित जिब्रालटर हाउस के पास पुलिस ने छापेमारी कर 20.5 ग्राम अवैध ब्राउन शुगर के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के पास से एक क्रेटा कार, एक अपाची बाइक और तीन स्मार्टफोन भी बरामद हुए हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों में रौशन कुमार (21 वर्ष) निवासी लोवागड्डा, चतरा, संदीप कुमार दांगी (27 वर्ष) निवासी लोवागड्डा, चतरा और सौरभ कुमार दांगी (22 वर्ष) मूल निवासी चापी, शेरघाटी, गया, बिहार। जो वर्लोतमान में लोवागड्डा में अपने मामा कमल दांगी के घर रह रहा था।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक हजारीबाग को 17 मई को गुप्त सूचना मिली कि दीपूगढ़ा में कुछ लोग ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री कर रहे हैं। सूचना के सत्यापन के लिए SDPO सदर अमित आनन्द, IPS के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल गठित किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जिब्रालटर हाउस के पास से तीनों को रंगे हाथ धर दबोचा। तीनों के खिलाफ कोर्रा थाना कांड संख्या 81-2026 दर्ज किया गया है। इन पर BNS की धारा 317(2), 315 और NDPS एक्ट की धारा 4, 21B, 22B, 29 लगाई गई है। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
सौरभ पहले भी जा चुका है जेल
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक सौरभ कुमार दांगी का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ गिद्धौर थाना में 2023 और कटकमसांडी पेलावल थाना में 2025 में NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज हैं।
छापामारी टीम में ये रहे शामिल
कार्रवाई में एसडीपीओ अमित आनन्द, पुलिस निरीक्षक शाहिद रजा, नेमधारी रजक, निशांत केरकेट्टा, वेद प्रकाश पाण्डेय सदलबल शामिल थे।
