गिरिडीह: जिला प्रशासन द्वारा जनगणना 2027 के तहत मकान सूचीकरण लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मकान गणना को सफल, पारदर्शी और सटीक बनाने के उद्देश्य से जिले में स्व-गणना (Self Enumeration) अभियान को तेज किया जा रहा है। इस क्रम में उपायुक्त रामनिवास यादव और पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने स्वयं ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से स्व-गणना कर नागरिकों को प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। अवसर पर उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी, जिला कोषागार पदाधिकारी अनंत मिश्रा और जिला नजारत उप समाहर्ता आशुतोष ठाकुर ने भी स्व-गणना प्रक्रिया पूरी की।
इस दौरान उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि स्व-गणना नागरिकों को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे लोग अपने परिवार की सही और अद्यतन जानकारी स्वयं दर्ज कर सकते हैं, जिससे जनगणना के आंकड़े अधिक विश्वसनीय और त्रुटिरहित बनेंगे। उन्होंने कहा कि सटीक आंकड़े ही भविष्य की विकास योजनाओं की मजबूत नींव होते हैं, इसलिए सभी नागरिक इस प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग लें।
उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि वे निर्धारित समयावधि के भीतर स्व-गणना पोर्टल का उपयोग कर अपनी जानकारी दर्ज करें। साथ ही, जिन लोगों को तकनीकी सहायता की जरूरत है, उनके लिए प्रशासन हर संभव सहयोग उपलब्ध करा रहा है। स्व-गणना के बाद गणनाकर्मी द्वारा सत्यापन भी किया जाएगा, जिससे पूरी प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता सुनिश्चित होगी।
वहीं पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने कहा कि स्व-गणना केवल प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि एक नागरिक जिम्मेदारी भी है। उन्होंने लोगों से समय रहते इस सुविधा का लाभ उठाने की अपील की और बताया कि डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से यह प्रक्रिया सरल, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाई गई है।
