रांची: भारी बारिश की आशंका को देखते हुए रांची जिले में 26 सितंबर को सभी स्कूल बंद रखने का आदेश जारी किया गया है। उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने जिले के सभी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त, अल्पसंख्यक और निजी विद्यालयों में KG से 12वीं तक की कक्षाएं बंद रखने का निर्देश दिया है।

मौसम विभाग के 25 सितंबर के विशेष बुलेटिन में रांची को येलो जोन में रखा गया है और भारी बारिश की संभावना जताई गई है। बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए जिला प्रशासन ने यह फैसला लिया है।

सरकारी स्कूलों के शिक्षक और शिक्षकेतर कर्मचारी स्कूल बंद होने के बावजूद ई-विद्यावाहिनी में अपनी उपस्थिति दर्ज करेंगे और गैर-शैक्षणिक कार्य पूरा करेंगे। वहीं, 26 सितंबर को होने वाली किसी अनिवार्य परीक्षा के संचालन का फैसला संबंधित स्कूल के प्रधान करेंगे।

प्रशासन ने सभी विद्यालयों को आदेश का पालन करने का निर्देश दिया है। आदेश की अनदेखी करने वाले स्कूल या संस्थान आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की संबंधित धाराओं के तहत जिम्मेदार होंगे।