रांची: मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के तत्काल इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने आंदोलन का ऐलान किया है। रांची प्रेस क्लब में शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में पार्टी ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त पर पद के दुरुपयोग और चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने के आरोप लगाए। कहा गया कि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो देशभर के शहरों, गांवों और सड़कों तक आंदोलन किया जाएगा।
संगठन के लोकसभा प्रभारी ईशान झा ने कहा कि पिछले कई चुनावों से एक ही पार्टी की लगातार जीत को लेकर सवाल उठते रहे हैं। उन्होंने कहा कि चुनावी प्रक्रिया और मतदाता अधिकारों को लेकर संगठन की आशंकाएं अब विश्वास में बदल गई हैं। यह लोकतांत्रिक व्यवस्था और मतदाताओं के जनादेश से जुड़ा गंभीर मुद्दा है।
वहीं उन्होंने ने SIR (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) को तत्काल रोकने और इससे संबंधित 2023 के कानून को वापस लेने की मांग भी उठाई। संगठन ने मतदाता सूची में बदलाव और कथित वोट हेरफेर को लेकर सवाल खड़े करते हुए पारदर्शी जांच और जवाबदेही की भी मांग की। वहीं झारखंड के मुख्य प्रवक्ता मोहम्मद परवेज खान ने कहा कि मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
मौके पर मोइन खान, खुशबू हांसद, अजय नायर समेत अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।
