रामगढ़ और हजारीबाग पुलिस की संयुक्त छापेमारी 

ए. के. कोलियरी में चल रहा था अवैध हथियार बनाने का धंधा 

भुरकुंडा (रामगढ़): पुलिस ने भुरकुंडा ओपी क्षेत्र अंतर्गत ए. के. कोलियरी (दत्तो) के एक घर में संचालित अवैध मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। जहां लोहे के काम की आड़ में अवैध रूप से हथियार बनाने का काम चल रहा था। मामले में अभियुक्त दिनेश विश्वकर्मा और उसकी पत्नी नूतन देवी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। 

इस संबंध में रामगढ़ एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने भुरकुंडा ओपी में प्रेस कांफ्रेंस कर बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर रामगढ़ और हजारीबाग पुलिस ने संयुक्त रूप से अभियान चलाया। जिसमें एके कोलियरी में दिनेश विश्वकर्मा के घर में छापेमारी की गई।जहां अवैध हथियार निर्माण के मिनी फैक्ट्री का संचालन पाया गया। पुलिस ने घर से अर्धनिर्मित हथियार, कल-पुर्जे, मशीन और कई अन्य सामान बरामद किए। मामले में दिनेश विश्वकर्मा (45वर्ष) और नूतन देवी (38वर्ष) को गिरफ्तार किया गया है। वे मूल रूप से वारसलीगंज, जिला नवादा, बिहार के रहनेवाले हैं। 

एसपी ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में अभियुक्त दिनेश विश्वकर्मा ने पुलिस को बताया कि वह अवैध रूप से हथियार का निर्माण कर अपराधियों को बेचता था। उन्होंने कहा कि मामले में संबंधित अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर सहायक पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पतरातू राघवेंद्र शर्मा के नेतृत्व में अनुसंधान जारी है।

छापेमारी में बरामद प्रतिबंधित आर्म्स और कल-पुर्जे 

7.65 एमएम का अर्धनिर्मित पिस्टल बॉडी 03, मैगजीन 09, हथियार के फायरिंग पिन 06, बॉडी लॉक पिन 03, कॉक पिन 03, ट्रिगर 03, मैगजीन लॉक पिन 03, स्प्रिंग 04 अदद, बट कवर 06, पिस्टल बनाने वाला ढांचा 01

हथियार निर्माण में प्रयुक्त मशीनरी और अन्य बरामदगी 

ड्रिल मशीन 01, गैस कटर मशीन 01, रेलवे पटरी के टुकड़े 02, लोहा पकड़ने का चिमटा 02, टूल बॉक्स एवं हेक्सा ब्लेड, हथौड़ा 02, लोहे का चदरा 02, वेल्डिंग मशीन – 01 अदद, रेवा 03, मोबाइल फोन 02, एक्टिवा-5G स्कूटी 01 

By Admin

error: Content is protected !!