रांची: झारखंड में अगले पांच दिनों तक मौसम का मिजाज लगभग एक जैसा रहने वाला है। सुबह कोहरे की चादर और रात में गिरते तापमान के बीच लोगों को ठंड का सामना करना पड़ेगा। मौसम विभाग ने फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं जताई है। दिन में धूप निकलने से मौसम कुछ सामान्य रहेगा, लेकिन सुबह और देर रात ठंड का असर बना रहेगा।

मौसम केंद्र के मुताबिक, राज्य में अगले तीन दिनों तक न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव नहीं होगा। इसके बाद दो दिनों के दौरान रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि, इससे ठंड से तत्काल राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।

तापमान के आंकड़ों में लातेहार सबसे ठंडा जिला रहा। पिछले 24 घंटे में यहां न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दूसरी ओर, जगन्नाथपुर-एडब्ल्यूएस में अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस रहा। इस दौरान पूरे राज्य में मौसम शुष्क बना रहा।

अगले कुछ दिनों में सुबह के मौसम में कोहरे का प्रभाव अलग-अलग जिलों में देखने को मिल सकता है। 28 नवंबर से 1 दिसंबर तक हल्के से मध्यम दर्जे का कोहरा छाने का अनुमान है। 2 और 3 दिसंबर को भी सुबह कुहासा रहने की संभावना है। हालांकि, दिन में आसमान साफ रहने के आसार हैं।

प्रमुख शहरों में ऐसा रहेगा तापमान

मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार, रांची में अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री और न्यूनतम 10 से 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। जमशेदपुर में दिन का तापमान 27 से 30 डिग्री, जबकि रात का पारा 15 से 21 डिग्री तक रहने का अनुमान है।

डालटनगंज में अधिकतम तापमान 26 से 27 और न्यूनतम 12 से 18 डिग्री रहने की संभावना है। बोकारो में अधिकतम 25 से 27 और न्यूनतम 12 से 17 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। वहीं, चाईबासा में दिन का तापमान 28 से 31 डिग्री और रात का 12 से 18 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है।

30 नवंबर तक रांची में धीरे-धीरे बढ़ेगा रात का पारा

राजधानी में अगले तीन दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी का अनुमान है। 28 नवंबर को अधिकतम तापमान 23 और न्यूनतम 11 डिग्री रहेगा। 29 नवंबर को यह क्रमशः 24 और 12 डिग्री, जबकि 30 नवंबर को अधिकतम 24 और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

इधर, बालूमाथ में 26 से 28 नवंबर तक रात का तापमान करीब 8 डिग्री रहने की संभावना है। 29 और 30 नवंबर को न्यूनतम तापमान बढ़कर 9 डिग्री तक पहुंच सकता है।

मौसम केंद्र के विस्तारित पूर्वानुमान में 28 नवंबर से 10 दिसंबर तक राज्य में बारिश के आसार नहीं जताए गए हैं। इस अवधि में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य या सामान्य से नीचे रह सकता है। ऐसे में सुबह घर से निकलने वालों को कोहरे और रात में ठंड को देखते हुए सावधानी बरतने की जरूरत है।