रामगढ़: भुरकुंडा ओपी क्षेत्र के सयाल में मंगलवार की शाम एक महिला ने रस्सी के फंदे से लटककर आत्महत्या की ली। मामले की सूचना पर पहुंची भुरकुंडा पुलिस शव का पंचनामा कर अग्रेत्तर कार्रवाई में जुट गई है।
मिली जानकारी के अनुसार सयाल प्रिंस रोड निवासी दीपक कुमार मंगलवार की शाम घर से बाहर गया हुआ था। शाम 6: 30 बजे वापस लौटने पर उसने पत्नी पूनम देवी (24 वर्ष) को घर में रस्सी का फंदे से झूलता पाया। दीपक के अनुसार आनन-फानन में पूनम देवी को फंदे से उतार अस्पताल ले जाया गया। जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। आत्महत्या के कारणों के संबंध में फिलहाल स्पष्ट तौर कुछ भी नहीं कहा जा रहा है।
दीपक कुमार मूल रूप से बड़कागांव प्रखंड के अंबाजीत का रहनेवाला है और सयाल में अपनी पत्नी के साथ रहता था। वर्ष 2020 में उसका विवाह पूनम से हुआ था। इधर, घटना की जानकारी पर मंगलवार की रात दीपक की मां और बहन सयाल पहुंचे। जबकि बुधवार को गढ़वा से मृतका के पिता संजय राम चंद्रवंशी,जीजा सोनू चंद्रवंशी, भाई मनीष चंद्रवंशी और बहन पूजा देवी सयाल पहुंच गये है। बताया जाता है कि पूनम पिछले चार माह तक मायके में थी और कुछ दिनों पूर्व ही वापस सयाल आई थी। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है। पोस्टमार्टम के बाद ही मामला साफ हो सकेगा।