जर्सी निर्माण में जुटी स्थानीय महिला कारीगरों का बढ़ाया हौसला

हजारीबाग: सांसद मनीष जायसवाल ने सांसद खेल महोत्सव के तहत आयोजित होने वाले नमो फुटबॉल टूर्नामेंट-2026 की तैयारियों को लेकर पहल तेज कर दी है। आयोजन की रूपरेखा को अंतिम रूप देने को लेकर हाल ही में उन्होंने पूरे लोकसभा क्षेत्र से नमो फुटबॉल टूर्नामेंट के आयोजन समिति से जुड़े लोगों संग बैठक की थी और अब मंगलवार को सांसद मनीष जायसवाल हजारीबाग शहर के न्यू एरिया स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर के समीप संचालित एक स्टिचिंग सेंटर पहुंचे, जहां टूर्नामेंट के लिए तैयार की जा रही आकर्षक नमो जर्सी की प्रिंटिंग और स्टिचिंग कार्य का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान सांसद मनीष जायसवाल ने युद्धस्तर पर चल रहे जर्सी निर्माण कार्य का जायजा लिया तथा स्टिचिंग यूनिट की पूरी कार्यप्रणाली की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने यहां कार्यरत दर्जनों स्थानीय महिला कारीगरों से बातचीत की और उनके हुनर की सराहना करते हुए तैयार हो रही आकर्षक जर्सियों को देखकर प्रसन्नता व्यक्त की।

इस अवसर पर सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वोकल फॉर लोकल अभियान को साकार करने के उद्देश्य से नमो फुटबॉल टूर्नामेंट-2026 के लिए विश्वस्तरीय गुणवत्ता वाले स्पोर्ट्स फैब्रिक से तैयार होने वाली जर्सियों की प्रिंटिंग और स्टिचिंग का कार्य हजारीबाग के स्थानीय स्टिचिंग यूनिट को सौंपा गया है। उन्होंने कहा कि इस कार्य में स्थानीय महिला कारीगरों की भागीदारी न सिर्फ़ उन्हें रोजगार उपलब्ध करा रही है, बल्कि स्थानीय लघु उद्योग और आत्मनिर्भरता को भी मजबूती दे रही है।

सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव के तहत आयोजित नमो फुटबॉल टूर्नामेंट की लोकप्रियता और भव्यता वर्ष-दरवर्ष बढ़ रही है। उनका लक्ष्य इस आयोजन को और अधिक व्यापक स्वरूप देना है, ताकि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए बेहतर प्लेटफार्म मिल सके साथ ही खेल प्रेमियों को उच्चस्तरीय प्रतियोगिता देखने का अवसर मिले और क्षेत्र में खेल संस्कृति को नई ऊर्जा प्राप्त हो सकें ।

सांसद मनीष जायसवाल ने विश्वास जताया कि सांसद खेल महोत्सव-2026 के अंतर्गत आयोजित होने वाला यह टूर्नामेंट युवाओं में खेल भावना, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा देने के साथ-साथ हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

यहां स्टिचिंग यूनिट के निरीक्षण के क्रम में सांसद मनीष जायसवाल के साथ विशेषरूप से प्रसिद्ध समाजसेवी श्रद्धानंद सिंह, प्रसिद्ध व्यवसाई बबलू भंडारी, हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद प्रतिनिधि सत्येंद्र नारायण सिंह, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अनिल मिश्रा, हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहें।

By Admin

error: Content is protected !!