बेहतर भविष्य के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा जरूरी : सुदाम मरांडी
रामगढ़: डीएवी पब्लिक स्कूल रजरप्पा प्रोजेक्ट में बुधवार को ओडिशा के स्कूल और जन शिक्षा सह राजस्व मंत्री सुदाम मरांडी का आगमन हुआ। विद्यालय के प्राचार्य बीपी राय ने मंत्री और उनकी धर्मपत्नी का बुके देकर स्वागत किया। साथ ही विद्यालय का अवलोकन कराते हुए शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी दी। इस दौरान मंत्री सुदाम मरांडी ने शिक्षकों और विद्यार्थियों से भी मुलाकात की।
अवसर पर ओडिशा के मंत्री ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे नये परिवर्तनों की जानकारी लेने के लिए आना हुआ है। बेहतर भविष्य के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा जरूरी है। कहा कि डीएवी स्कूल, रजरप्पा बेहतर शैक्षणिक गतिविधियों के लिए जाना जाता है। विद्यालय की सुव्यवस्था, अनुशासन और शैक्षणिक स्तर को जानना-समझना वाकई अच्छा अनुभव है।
अवसर पर विद्यालय प्राचार्य ने मंत्री और उनकी धर्मपत्नी को स्मृति चिन्ह और अंग वस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया। वहीं मंत्री सुदाम मरांडी ने प्राचार्य को शिक्षकों के साथ उड़ीसा में भ्रमण हेतु आने का निमंत्रण भी दिया।