केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ और राज्यसभा सांसद महुआ माजी ने किया उद्घाटन
रांची: सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड के एनके क्षेत्र अंतर्गत स्थित केन्द्रीय विद्यालय डकरा का गुरुवार को विधिवत उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारत सरकार के रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ एवं विशिष्ट अतिथि राज्यसभा सांसद महुआ माजी रही। अवसर पर कांके के पूर्व विधायक श्री समरी लाल, सीएमडी सीसीएल निलेंदु कुमार सिंह, केन्द्रीय विद्यालय संगठन के उप-आयुक्त एस. जे. जोगलेकर सहित सीसीएल के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, स्थानीय ग्रामीण, हितधारक, मजदूर संघों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और अभिभावक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्मारिका विमोचन, विद्यालय भवन के निरीक्षण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर केन्द्रीय विद्यालय के विद्यार्थियों ने स्वागत गीत एवं आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं।अपने संबोधन में रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि सीसीएल के सहयोग से केन्द्रीय विद्यालय का प्रारंभ होना डकरा, खलारी एवं मैक्लुस्कीगंज क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने कहा की यहां के विद्यार्थी भविष्य में देश-दुनिया में झारखंड और भारत का नाम रोशन करेंगे।
राज्यसभा सांसद महुआ माजी ने आशा व्यक्त की कि यह विद्यालय भविष्य में ऐसी प्रतिभाओं को तैयार करेगा, जो राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर झारखंड और सीसीएल का गौरव बढ़ाएंगी।
सीसीएल के सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह ने विद्यालय से अपने भावनात्मक जुड़ाव का उल्लेख करते हुए कहा कि 19 वर्ष के बाद विद्यालय को शुरू कराने का संकल्प आज साकार हुआ है। उन्होंने इसे क्षेत्र के बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
