जिले के 20 पैक्सों में धान की अधिप्राप्ति शुरू
रिपोर्ट: संजय राम
लातेहार: जिले के 20 लैंप्स/पैक्सों में धान अधिप्राप्ति का कार्य गुरुवार को शुरु किया गया। खरीफ विपणन मौसम वर्ष 2022- 23 अंतर्गत धान अधिप्राप्ति को लेकर क्रय केंद्र का शुभारंभ जिले के वरीय पदाधिकारियों, प्रखंड विकास पदाधिकारी, जनप्रतिनिधियों द्वारा विधिवत रूप से किया गया।
इसी क्रम में आज लातेहार प्रखंड के रिचुघुटा लैंप्स, पांडेयपुरा लैंप्स, परसही लैंप्स, पोचरा लैंप्स, जालिम खुर्द लैंप्स, मनन चौटांग लैंप्स, चंदवा प्रखंड के लाधुप लैंप्स, चंदवा लैंप्स, बालूमाथ प्रखंड के भगेया लैंप्स, बालू लैंप्स, बरियातू प्रखंड के बरियातू लैंप्स, हेरहंज प्रखंड के सलैया लैंप्स, मनिका प्रखंड के मनीका लैंप्स, कुई लैंप्स, मतलौंग लैंप्स, बरवाडीह प्रखंड के छिपादोहर लैंप्स, मांगरा लैंप्स, गारू प्रखंड के गारू लैंप्स, महुआडांड़ प्रखंड के बरदौनी लैंप्स, महुआडांड़ लैंप्स में धान अधिप्राप्ति का कार्य शुरू किया गया।
सरकार द्वारा निर्धारित साधारण धान के न्यूनतम समर्थन मूल्य ₹2040 प्रति क्विंटल एवं ग्रेड ए धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य ₹2060 प्रति क्विंटल की दर पर किसानों से धान क्रय करने का काम प्रारंभ किया गया।
आज धान अधिप्राप्ति के पहले दिन कुल 591.07 क्विंटल धान की अधिप्राप्ति की गई।