| 150 वर्ष पूरे होने पर राष्ट्रगीत का हुआ सामूहिक गान |
पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय का विचार हमेशा रहेगा प्रासंगिक : रोशन लाल चौधरी
पतरातू (रामगढ़): भाजपा पतरातू मंडल अंतर्गत कटिया बस्ती पंचायत के कम्युनिटी हॉल में शुक्रवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 110वीं जयंती मनाई गई। इसके साथ ही ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने पर सामूहिक गान भी किया गया।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। साथ ही भारत माता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर नतमस्तक हुए। मौके पर विधायक ने कहा कि राष्ट्रवादी चिंतक, महान संगठनकर्ता तथा अंत्योदय एवं एकात्म मानववाद के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती मनाना गौरव भरा अवसर है। उनके अंत्योदय का विचार हर दौर में प्रासंगिक रहेगा।
उन्होंने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होना भी गौरव का विषय है। यह केवल एक गीत नहीं, बल्कि भारत माता के प्रति प्रेम, सम्मान और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान इस गीत ने लोगों में राष्ट्रीय चेतना जगाने में अहम भूमिका निभाई थी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा नेता सह मुखिया किशोर कुमार महतो और संचालन भाजयुमो पतरातू मंडल अध्यक्ष गणेश कुमार ठाकुर और नागेश्वर महतो ने संयुक्त रूप से किया।
अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता डब्लू पांडेय, संतोष शर्मा, रामगढ़ जिला पर्यावरण संयोजक भुवनेश्वर कुमार ठाकुर, पंचायत समिति सदस्य अनीता जैन, उपमुखिया नंद किशोर महतो, निर्मल जैन, अमित कुमार सिंह, राजीव पाठक, गोपाल महतो, सुखन महतो, शांति देवी, पारिजात कुमारी, किरण कुमारी, रीता देवी, दिलीप कुमार, मोहित ठाकुर, आकाश कुमार सहित अन्य उपस्थित रहे।
