रांची: नामकुम स्थित राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के सभागार में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक हुई। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने बैठक में सहिया, NHM कर्मियों, डॉक्टरों और स्वास्थ्य योजनाओं की स्थिति की समीक्षा की और अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।
सहियाओं की प्रोत्साहन राशि के भुगतान में देरी दूर करने और भविष्य में राशि राज्य मुख्यालय से सीधे भेजने की व्यवस्था पर जोर दिया गया। सहियाओं को जल्द टैब उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया गया, ताकि रिपोर्टिंग और दूसरे काम आसान हो सकें।
NHM कर्मियों को EPF का लाभ देने की प्रक्रिया तेज करने को कहा गया। स्वास्थ्य संस्थानों में डॉक्टरों के खाली पद भरने के लिए भी आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
मलेरिया प्रभावित क्षेत्रों में मच्छरदानी की उपलब्धता और रोकथाम अभियान की निगरानी बढ़ाने को कहा गया। बैठक में स्वास्थ्य योजनाओं की वित्तीय प्रगति की भी समीक्षा हुई। कम खर्च वाली योजनाओं पर विशेष ध्यान देने और उपलब्ध बजट का सही इस्तेमाल सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
मंत्री ने अधिकारियों से क्षेत्र में जाकर योजनाओं की वास्तविक स्थिति देखने और फील्ड से मिलने वाले फीडबैक के आधार पर सुधार करने को कहा। बैठक में अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह, अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा, निदेशक वित्त समेत विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
