रामगढ़: पतरातु थाना क्षेत्र से 14 मई को चोरी हुई टाटा 709 टर्बो वाहन को पुलिस ने लोहरदगा से बरामद कर लिया है। ट्रक चोरी के आरोप में लोहरदगा के ईदगाह मोहल्ला निवासी कासिम अंसारी (58वर्ष) पिता हनीफ अंसारी को गिरफ्तार किया गया है।
सहायक पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पदाधिकारी पतरातू राघवेंद्र शर्मा ने मंगलवार को प्रेस कांफ्रेंस में मामले का खुलासा करते हुए बताया कि बीते 14 भी को सौंदा ‘डी’ निवासी शुभम कुमार यादव का टर्बो ट्रक तालाटांड़ से चोरी हो गया था। इस संबंध में पतरातु थाना में 14.05.2026 को कांड संख्या 117/26 धारा 305(b) BNS के तहत JH 02 AG 3165 नंबर की टर्बो वाहन चोरी का मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत के निर्देश पर एएसपी सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पतरातू राघवेंद्र शर्मा के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। अनुसंधान के क्रम में 18 मई को गुप्त सूचना मिली कि चोरी की गाड़ी किस्को मोड़, लोहरदगा में है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने वाहन चुराकर ले जाने वाले चालक कासिम अंसारी को पकड़ा। पूछताछ में उसकी निशानदेही पर चोरी गई टर्बो वाहन JH 02 AG 3165 बरामद कर ली गई। अग्रेत्तर कार्रवाई करते हुए अभियुक्त को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
छापामारी दल में शामिल रहे एएसपी राघवेंद्र शर्मा, पुलिस निरीक्षक सत्येन्द्र कुमार सिंह, पतरातू थाना प्रभारी शिवलाल कुमार गुप्ता, पुलिस अवर निरीक्षक अफजल हुसैन, सहायक अवर निरीक्षक सुजीत कुमार सिंह, आरक्षी मोकिम अंसारी और सुभान अंसारी शामिल रहे।
