रांची: सैटेलाइट चौक के पास बुधवार को HEC की जमीन से अतिक्रमण हटाने के दौरान जमकर हो-हंगामा हुआ। अभियान का विरोध करते बस्तीवासियों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। जिसके बाद पुलिस ने उनपर लाठीचार्ज कर दिया। 

जानकारी के अनुसार प्रशासन की टीम सुबह भारी पुलिस बल के साथ जेसीबी-बुलडोजर लेकर पहुंची थी। कार्रवाई शुरू होते ही स्थानीय लोगों ने मशीनों को घेर लिया। कुछ लोग जेसीबी के सामने बैठ गए तो कुछ उस पर चढ़ गए। पुलिस ने हटाने की कोशिश की तो तनातनी बढ़ गई और पथराव शुरू हो गया।

पथराव में कई पुलिसकर्मी चोटिल हुए हैं। महिला पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की भी सूचना है। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को खदेड़ा। इस दौरान प्रदर्शनकारियों के भी घायल होने की खबर है। वहीं पुलिस ने आधा दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार अतिक्रमण हटाने गई टीम पर पथराव के बाद स्थिति नियंत्रित करने के लिए बल प्रयोग किया गया। मामले की जांच की जा रही है।

इधर बस्तीवासियों का कहना है कि वे 60 साल से यहां रह रहे हैं। घर हटने से सैकड़ों परिवार बेघर हो जाएंगे। प्रशासन पहले वैकल्पिक व्यवस्था करे, फिर हटाने की कार्रवाई करे।