रामगढ़: उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में मंगलवार को जनता दरबार का आयोजन किया गया। जिसमें दुलमी प्रखंड के बोंगाई गांव से पहुंचे 30 वर्षीय दिव्यांग उमेश गंझू ने ट्राइसाइकिल की मांग की। दिव्यांग की परेशानी देख उपायुक्त ने त्वरित पहल करते हुए जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को निर्देश दिया। इसके साथ ही विभाग की ओर से जनता दरबार में तत्काल उमेश गंझू को ट्राईसाईकिल उपलब्ध कराया गया। ट्राइसाइकिल मिलने पर भावुक होते हुए उमेश गंझू ने सरकार और प्रशासन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, यह सिर्फ मेरे लिए बैसाखी मुक्त आत्मनिर्भर जीवन की नई शुरुआत है। जनता दरबार में इतनी जल्दी मेरी सुनवाई होगी, इसकी मुझे उम्मीद नहीं थी।
अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि जनता दरबार का मुख्य उद्देश्य ही यही है कि अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की समस्याओं का बिना किसी कागजी लेटलतीफी के तुरंत समाधान किया जा सके। हर जरूरतमंद और दिव्यांगजन को मुख्यधारा से जोड़ने और उन्हें हर संभव सहायता पहुंचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
