रामगढ़: समाहरणालय सभागार में उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में जल जीवन मिशन और स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिसमें सर्वप्रथम उपायुक्त ने जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल की सुलभता, जल संरक्षण और स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।

बैठक में उपायुक्त ने जिला शिक्षा पदाधिकारी और जिला शिक्षा अधीक्षक को निर्देश दिया कि जिले के सभी आवासीय एवं सरकारी विद्यालयों में यदि पेयजल से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या है, तो उसका तत्काल आकलन कर उसका प्रस्ताव उपलब्ध कराया जाए। वहीं बैठक के दौरान उपायुक्त ने कार्यपालक अभियंता पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, रामगढ़ को जिले के सभी क्षेत्रों में स्थापित रेन वाटर हार्वेस्टिंग संरचनाओं का प्रखंडवार विस्तृत प्रतिवेदन जल्द से जल्द समर्पित करने का निर्देश दिया गया।

बैठक के दौरान हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने के उद्देश्य से उपायुक्त ने सभी कनीय अभियंताओं को अपने-अपने क्षेत्रों में हाउस होल्ड टैप कनेक्शन के लंबित कार्यों को निर्धारित समयावधि के भीतर पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने जल जीवन मिशन के तहत पानी सप्लाई योजनाओं के निर्माण कार्य में कोताही बरतने या गुणवत्ता से समझौता करने वाले संवेदकों पर सख्त रुख अपनाते हुए कार्यपालक अभियंता को उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया गया। साथ हीज्ञ’हर घर जल’ योजना के तहत आच्छादित क्षेत्रों का शत-प्रतिशत प्रमाणन (सर्टिफिकेशन) का कार्य जल्द से जल्द पूरा करने का निर्देश सभी कनीय अभियंताओं को दिया।

​बैठक में उप विकास आयुक्त, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे, जिन्हें सभी निर्देशों का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा गया।

By Admin

error: Content is protected !!