पुलिस पर कायम रखें भरोसा, जनहित के अभियान रहेंगे जारी : एसपी 

रामगढ़: आम जनता और पुलिस के बीच विश्वास की डोर मजबूत करने के लिए रामगढ़ पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत के निर्देश पर पुलिस ने “ऑपरेशन भरोसा” चलाया। जिसके तहत बीते छह महीने में गुम 125 मोबाइल की बरामदगी करते हुए वास्तविक मालिकों को सौंपा गया। तकरीबन एक माह तक चले अभियान के उपरांत बुधवार को रामगढ़ टाउन हॉल में रामगढ़ पुलिस के तत्वावधान में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें जिला के विभिन्न थाना और ओपी क्षेत्र से गुम मोबाइल उनके मालिकों के सुपुर्द किया गया। अवसर पर पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत, सहायक पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पतरातू राघवेंद्र शर्मा, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रामगढ़ आलोक रंजन, डीएसपी (मुख्यालय) अकरम फैज सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। 

कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले के सभी थाना और ओपी प्रभारियों ने CEIR पोर्टल और थानों में दर्ज सनहा के आधार पर सघन जांच की। इस अभियान का दायरा सिर्फ रामगढ़ तक सीमित नहीं रहा, बल्कि रांची, हजारीबाग, चतरा, बोकारो, पलामू, गढ़वा सहित कई अन्य जिलों से भी मोबाइल बरामद किए गए।सबसे अधिक रामगढ़ थाना क्षेत्र के गुम 30 बरामद हुए। जबकि गोला थाना क्षेत्र के 20, पतरातु थाना क्षेत्र के 14, मांडू थाना क्षेत्र के 10 और कुज्जू ओपी क्षेत्र के 10, भुरकुंडा ओपी क्षेत्र के 09, भदानीनगर ओपी क्षेत्र के 07, वेस्ट बोकारो ओपी क्षेत्र के 06, बरलंगा थाना क्षेत्र के 05, भदानीनगर ओपी क्षेत्र के 03, बासल थाना क्षेत्र के 02 मोबाइल बरामद किए गए।

अवसर पर पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने उपस्थित लोगों को साइबर अपराध, सड़क सुरक्षा और नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया। साथ ही CEIR पोर्टल पर गुम मोबाइल की ऑनलाइन शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया भी समझाई।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि “ऑपरेशन भरोसा” ने यह साबित कर दिया है कि पुलिस केवल कानून व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि वह आमजन की छोटी-छोटी समस्याओं को भी अपनी जिम्मेदारी समझती है। एक मोबाइल की कीमत भले ही कुछ हजार हो, लेकिन उसमें बसी यादें और जरूरी डेटा कीमती होते हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस भविष्य में भी इस प्रकार के जनहित अभियान चलाकर जनता का विश्वास पूरी तरह कायम रखेगी।

 

By Admin

error: Content is protected !!