नगर आयुक्त ने किया स्थल का निरीक्षण 

रिपोर्ट- एस. अंसारी 

रांची: शहर के करमटोली चौक स्थित करमटोली तालाब और पार्क को जल्द ही नए रूप में सजाया जाएगा। इसके निमित्त गुरुवार को नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने स्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को स्वच्छता, सुरक्षा और सौंदर्यीकरण में तेजी लाने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने तालाब की सफाई, पार्क की व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था और सरकारी भूमि की स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने बताया कि तालाब और पार्क करीब 4.94 एकड़ सरकारी भूमि में फैला है। यह क्षेत्र सामाजिक, सांस्कृतिक और धार्मिक आयोजनों के लिए महत्वपूर्ण है।

निरीक्षण के दौरान सामने आया कि तालाब के किनारे 19 परिवार अस्थायी रूप से रह रहे हैं। इनमें 12 पात्र परिवारों को ईस्ट जेल रोड की बिरसा आवास योजना में आवास आवंटित हो चुका है, लेकिन वे अब तक शिफ्ट नहीं हुए हैं। शेष 7 परिवारों को भी आवंटन की प्रक्रिया में शामिल होने के कई अवसर दिए गए। भू-संपदा शाखा की मापी में करीब 51 डिसमिल सरकारी जमीन पर अतिक्रमण मिला है। नगर निगम ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद अवैध कब्जे हटाए जाएंगे।

नगर आयुक्त ने आसपास के दुकानों का होल्डिंग टैक्स और ट्रेड लाइसेंस जांचने तथा बिना अनुमति चल रहे प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई के भी निर्देश दिए। इस दौरान अपर नगर आयुक्त संजय कुमार, उप नगर आयुक्त रविंद्र कुमार समेत कई अधिकारी मौजूद थे।

 

Image courtesy Social media 

 

By Admin

error: Content is protected !!