उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने दिए दिशा-निर्देश

रामगढ़: आगामी दुर्गा पूजा के सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर मंगलवार को जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपायुक्त ऋतुराज, पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत और अधिशाषी अधिकारी छावनी परिषद विवेक सिंह ने विभिन्न पूजा समितियों के प्रतिनिधियों और संबंधित पदाधिकारियों के साथ तैयारियों, विधि-व्यवस्था, सुरक्षा, स्वच्छता और यातायात व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक के दौरान उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने पूजा समितियों के सदस्यों से उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली और संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

उपायुक्त ने सभी पूजा समितियों को अपनी समिति के सदस्यों के साथ आयोजन से संबंधित सभी व्यवस्थाओं की पूर्व समीक्षा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि उच्च न्यायालय के आदेश और निर्धारित मानकों के अनुरूप ही डीजे का प्रयोग किया जाए। किसी भी प्रकार का कार्यक्रम अनुमंडल दंडाधिकारी कृष्ण मुरारी तिर्की से अनुमति प्राप्त किए बिना आयोजित नहीं किया जाएगा। सभी समितियां पंडाल के आसपास किसी अस्पताल या मेडिकल सेंटर को टैग करते हुए प्राथमिक उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करें। उन्होंने स्वच्छता और विधि-व्यवस्था को प्राथमिकता देने को कहा और बताया कि अनुमंडल पदाधिकारी के नेतृत्व में गठित समिति द्वारा स्वच्छता और विधि-व्यवस्था के मानकों के आधार पर उत्कृष्ट पंडाल का चयन कर पुरस्कृत किया जाएगा। सभी समितियों को 10 अक्टूबर तक निर्धारित प्रारूप में शपथ पत्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।

पुलिस अधीक्षक ने सभी लाइसेंसी और गैर लाइसेंसी पूजा पंडालों में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। सभी पंडालों में सीसीटीवी कैमरा और कंट्रोल रूम स्थापित कर उससे संबंधित प्रमाण पत्र थाना प्रभारी को उपलब्ध कराने को कहा गया। आगजनी की घटना से निपटने के लिए अग्निशमन उपकरण और विद्युत वायरिंग की सुरक्षा जांच का प्रमाण पत्र भी थाना प्रभारी को देने का निर्देश दिया गया। पंडाल और आसपास की दुकानों का संचालन स्थान और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखकर करने, पंडालों में पब्लिक एड्रेस सिस्टम लगाने का निर्देश दिया गया। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि पूजा घूमने के दौरान बच्चों की जेब में नाम, पिता का नाम, पता और मोबाइल नंबर लिखा पर्ची रखें, ताकि आकस्मिक स्थिति में संपर्क किया जा सके। साथ ही भीड़ और यातायात को देखते हुए पैदल पंडालों तक पहुंचने और प्रशासन के यातायात निर्देशों का पालन करने की अपील की।

अधिशाषी अधिकारी छावनी परिषद ने भंडारा और प्रसाद वितरण के दौरान थर्माकोल और प्लास्टिक से बने दोना-पत्तल या प्रतिबंधित सामग्री का उपयोग नहीं करने, पंडालों के आसपास पर्याप्त डस्टबिन रखने और कचरे का उचित निस्तारण करने का निर्देश दिया। झंडा चौक और स्टेडियम के आसपास निर्धारित स्थलों पर ही दुकानें लगाने, डीजे का संचालन निर्धारित समय और मानकों के अनुरूप करने और देर रात तक नहीं बजाने का निर्देश दिया गया। पूजा समाप्ति के बाद पंडाल और सजावट के स्ट्रक्चर को हटाकर सार्वजनिक स्थलों को पूर्व स्थिति में लाने को कहा गया।

प्रशासन ने बताया कि सोशल मीडिया पर 24 घंटे नजर रखी जाएगी, इसलिए किसी भी असत्यापित खबर या अफवाह को शेयर न करें। बैठक में सभी अधिकारियों और पूजा समितियों के प्रतिनिधियों ने शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में दुर्गा पूजा संपन्न कराने के लिए प्रशासन के साथ समन्वय से कार्य करने का आश्वासन दिया। मौके पर अपार समाहर्ता मनिंदर भगत, रविंद्र कुमार गुप्ता, एएसपी अकरम रजा, एसडीपीओ आलोक रंजन, सभी अंचल अधिकारी और थाना प्रभारी उपस्थित थे।