रांची: वन्यजीव सप्ताह के तहत रविवार को रांची में वन विभाग की ओर से वॉकथॉन आयोजित किया गया। इसमें सैकड़ों विद्यार्थियों, युवाओं, विभागीय कर्मियों और प्रकृति प्रेमियों ने हिस्सा लिया। वन भवन से शुरू हुई पदयात्रा अरगोड़ा, बिरसा चौक और हिनू होते हुए वापस वन भवन पहुंची।

कार्यक्रम की शुरुआत गुब्बारे उड़ाने और हस्ताक्षर अभियान के साथ हुई। प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं हेड ऑफ फोर्स संजीव कुमार ने कहा कि वन्यजीव और उनके प्राकृतिक आवास पर्यावरणीय संतुलन के लिए जरूरी हैं। संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ना होगा। उन्होंने लोगों से प्रकृति और प्राकृतिक संसाधनों के प्रति जिम्मेदार व्यवहार अपनाने की अपील की।

पीसीसीएफ वाइल्डलाइफ एवं मुख्य वाइल्डलाइफ वार्डन रवि रंजन ने कहा कि झारखंड की वन संपदा और जैव-विविधता राज्य की प्राकृतिक विरासत है। इसे बचाने के लिए सरकारी प्रयासों के साथ नागरिकों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।

वॉकथॉन के जरिए प्रतिभागियों ने वन्यजीव और जैव-विविधता संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।