भुरकुंडा (रामगढ़): बासल थाना क्षेत्र के लबगा गांव में रात्रि गश्ती के दौरान पुलिस ने स्कूल में चोरी के मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। जिनके पास से चोरी किए गए कंप्यूटर के सामान बरामद किए गये है।
मिली जानकारी के अनुसार बीती रात बासल थाना अंतर्गत ग्राम लबगा में पुलिस गश्ती कर रही थी। इसी दौरान दो व्यक्ति पुलिस वाहन को देखकर भागने लगे, जिन्हें सशस्त्र बल की मदद से खदेड़ कर पकड़ा गया। पकड़े गए युवकों की पहचान लबगा निवासी सानु कुमार मुंडा और रितिक कुमार के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उनके पास एक बेडशीट में बंधा हुआ कुछ सामान मिला, जिसकी विधिवत तलाशी लेने पर बेडशीट से कंप्यूटर मॉनिटर, सीपीयू, कीबोर्ड और अन्य सामग्री मिली।
पूछताछ में दोनों ने बताया कि मध्य विद्यालय लबगा स्कूल का ताला तोड़कर उन्होंने चोरी की घटना को अंजाम दिया है। मामले में पुलिस ने बासल थाना में कांड संख्या 18/26, दिनांक 06.10.2026, धारा 303(2)/317(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर दोनों अपराधकर्मियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
गश्ती दल में बासल थाना प्रभारी अनन्त कुमार सिंह, बिपिन बिहारी सिंह, टाइगर मोबाइल के गोविन्द किस्कू, रविंदास, दिवाकर मुण्डा और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

