रामगढ़: टाटा डीएवी पब्लिक स्कूल घाटो, भुइयांडीह में रविवार को राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस पर भारत की वैज्ञानिक उपलब्धियों और अंतरिक्ष यात्रा को समर्पित विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अवसर पर भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन के वैज्ञानिकों और भारत के गौरवपूर्ण अंतरिक्ष अभियानों को नमन करते हुए विद्यार्थियों को विज्ञान, नवाचार और अनुसंधान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।
वहीं विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा को दर्शाते हुए विज्ञान आधारित कई मॉड बनाकर इस वैज्ञानिक उपलब्धियों का प्रदर्शनी भी लगाई। जिसका अवलोकन कर अभिभावकों और शिक्षकों ने सराहना भी की। ज्ञात हो कि राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस भारत के चंद्रयान-3 मिशन की ऐतिहासिक सफलता और चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुवीय क्षेत्र में सफल सॉफ्ट लैंडिंग की उपलब्धि की स्मृति में मनाया जाता है। विद्यालय ने इस अवसर को विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, जिज्ञासा और खोज की भावना विकसित करने के संकल्प के रूप में रेखांकित किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की प्राचार्या डॉ. सोनिया तिवारी ने कहा कि अंतरिक्ष विज्ञान केवल वैज्ञानिक उपलब्धियों की कहानी नहीं, बल्कि सपनों को संकल्प और संकल्प को उपलब्धि में बदलने की प्रेरणा है। उन्होंने विद्यार्थियों से बड़े सपने देखने, निरंतर सीखने और राष्ट्र के वैज्ञानिक विकास में योगदान देने का आह्वान किया। आयोजन को सफल बनाने में शिक्षक-शिक्षिकाओं और विद्यार्थियों ने सराहनीय योगदान दिया।
