रांची: कांके थाना क्षेत्र में दोस्तों ने ही मामूली विवाद में युवक की गोली मारकर हत्या कर दी और शव को नदी में फेंक दिया। पुलिस ने हत्याकांड में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले का खुलासा करते हुए हेड क्वार्टर डीएसपी वन अमर कुमार पांडेय ने बताया कि 8 सितंबर की रात चौड़ी बस्ती के मसना के पास गोली चलने की सूचना पर कांके थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सड़क पर काफी खून मिला, लेकिन कोई घायल नहीं मिला। खून के निशानों का पीछा करते हुए पुलिस पोटपोटो नदी किनारे पहुंची।
पुलिस ने ड्रोन और जवानों की मदद से तलाश अभियान चलाया। 11 सितंबर की सुबह जयप्रकाश नगर के पास नदी में शव मिला। मृतक की पहचान चामा (बुकरू) निवासी राजन तिर्की के रूप में हुई है। राजन के दाहिने कान के पास गोली का जख्म मिला। अनुसंधान के क्रम में पता चला कि चौड़ी बस्ती में पार्टी के लिए रुपये देने को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद संजय गाड़ी, आकाश महली और नीतिन उरांव ने राजन की गोली मारकर हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 7.65 एमएम की पिस्टल, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा, बाइक और तीन मोबाइल बरामद किए हैं। मुख्य आरोपी संजय गाड़ी का आपराधिक इतिहास भी है। उसके खिलाफ सुखदेवनगर थाना में 2022 में चोरी का मामला दर्ज है। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
