चरही (हजारीबाग): बायफ क्लस्टर कार्यालय चरही में सोमवार को उन्नत कृषि प्रशिक्षण एवं निशुल्क मटर बीज वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बायफ संस्था द्वारा सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड के सहयोग से समेकित सामुदायिक विकास परियोजना उत्थान के तहत कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस दौरान चयनित 100 लाभार्थी किसानों को कुल 100 किलोग्राम उन्नत किस्म के मटर बीज का निशुल्क वितरण किया गया। आयोजकों ने बताया कि इस पहल से किसानों को बेहतर उत्पादन के जरिए अतिरिक्त आय अर्जित करने और आर्थिक रूप से सशक्त बनने में मदद मिलेगी।
प्रशिक्षण के दौरान किसानों को मटर की उन्नत खेती, बीज बुवाई, खेत की तैयारी, उचित दूरी, खाद एवं उर्वरक प्रबंधन, सिंचाई, कीट एवं रोग प्रबंधन तथा अधिक उत्पादन लेने की वैज्ञानिक तकनीकों की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने कहा कि कृषि आधारित आजीविका गतिविधियों से ग्रामीण परिवारों को स्थानीय स्तर पर रोजगार और आय के स्थायी अवसर मिल सकते हैं। उन्नत तकनीक अपनाने से उत्पादन के साथ-साथ आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी।
कार्यक्रम में सीसीएल के सीएसआर अधिकारी शैलेश कुमार, बहेरा मुखिया संघ अध्यक्ष देवकी महतो, बायफ परियोजना प्रबंधक राजीव कुमार, परियोजना प्रभारी आलोक कुमार, अभियंता पवन कुमार, केंद्र प्रभारी बबलू कुमार, सीआरपी समीना, वासीमा, वीणा, कुसुम, मोनिका देवी सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी और लाभार्थी किसान मौजूद रहे।
