रांची: आजसू छात्र संघ ने राजधानी रांची के कॉलेजों में संगठन को नए सिरे से मजबूत करने की कवायद शुरू कर दी है। इसे लेकर सोमवार को हरमू स्थित पार्टी के प्रधान कार्यालय में रांची महानगर की बैठक आयोजित की गई, जिसमें सदस्यता अभियान, कॉलेज इकाइयों के पुनर्गठन और छात्रहित के मुद्दों पर आगे की रणनीति तय की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि रांची महानगर के अधीन आने वाले सभी कॉलेजों में व्यापक सदस्यता अभियान चलाया जाएगा। साथ ही निष्क्रिय पड़ी या पुरानी कॉलेज कमेटियों का पुनर्गठन कर संगठन को जमीनी स्तर पर सक्रिय किया जाएगा। इसके लिए पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को तैयारी शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।
छात्र समस्याओं को लेकर बैठक में रांची विश्वविद्यालय मार्च निकालने का भी फैसला लिया गया। संगठन के नेताओं ने कहा कि मार्च के माध्यम से विश्वविद्यालय से जुड़े छात्रहित के विभिन्न मुद्दों को अधिकारियों के समक्ष रखा जाएगा और उनके समाधान की मांग की जाएगी।
बैठक के दौरान संगठन में नई जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं। मोहन रविदास को रामलखन सिंह यादव महाविद्यालय इकाई का अध्यक्ष और रोशनी मुंडा को रांची महानगर छात्र संघ का उपाध्यक्ष बनाया गया।
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष बबलू महतो, प्रदेश वरीय उपाध्यक्ष ऋतुराज शाहदेव, प्रदेश सचिव राजेश सिंह, रोशन नायक, सक्षम झा, महानगर अध्यक्ष अमन साहू, अमित कुमार, यश सोनी, खुशबू कुमारी, निशांत लिंडा, ऋषभ कुमार, राहुल यादव, अंकित, पंकज, धीरज और ऋषि समेत विभिन्न कॉलेजों के पदाधिकारी और छात्र प्रतिनिधि मौजूद रहे।
