रांची: राजधानी में शुक्रवार की सुबह आंधी-बारिश के बीच एक बड़ी अनहोनी टल गई। डोरंडा चौक के एजी मोड़ के पास तेज आंधी के दौरान संत जेवियर स्कूल की बच्चों से भरी चलती बस पर अचानक सड़क किनारे का विशाल पेड़ गिर पड़ा। बस में करीब 40 बच्चे सवार थे। गनीमत रही कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ और सभी बच्चे सुरक्षित रहे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। एजी मोड़ के पास पहुंचते ही तेज हवा के झोंके के साथ सड़क किनारे का पेड़ भरभराकर बस के ऊपर आ गिरा। पेड़ गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बच्चों में चीख-पुकार मच गई, लेकिन बस चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत ब्रेक लगाकर बस रोक दी।

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और राहगीरों ने दौड़कर मदद शुरू की। लोगों ने बस के ऊपर गिरे पेड़ की डालियों को हटाकर बच्चों को बाहर निकाला। सूचना पर डोरंडा पुलिस भी मौके पर पहुंची और सड़क से पेड़ हटाने की कार्रवाई शुरू कराई। पेड़ गिरने से कुछ देर के लिए एजी मोड़ के पास यातायात बाधित रहा। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से रास्ता साफ कराया गया, जिसके बाद आवागमन सामान्य हुआ।

बता दें कि राजधानी समेत पूरे झारखंड में 22 सितंबर से मौसम खराब बना हुआ है। शुक्रवार सुबह से ही तेज हवा के साथ बारिश हो रही है। लगातार आंधी-पानी से जगह-जगह पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आ रही हैं। डोरंडा में 40 स्कूली बच्चों के बाल-बाल बचने से अभिभावकों ने राहत की सांस ली है।