भुरकुंडा (रामगढ़): भुरकुंडा ओपी क्षेत्र अंतर्गत सौंदा डी पंचायत के रामनगर कॉलोनी में एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान कृष्णा भुइयां (26), पिता स्वर्गीय यमुना भुइयां के रूप में हुई है।

स्थानीय लोगों के अनुसार शुक्रवार की अहले सुबह आसपास के लोग अपने घर से निकले तो उन्होंने युवक को घर के बरामदे में फंदे से लटका देखा। इसके बाद इसकी सूचना स्थानीय मुखिया उपेंद्र शर्मा और भुरकुंडा पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही भुरकुंडा ओपी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

बताया जाता है कि मृतक घर में अकेले रहता था और ऑटो चलाकर अपना जीवन यापन करता था। आत्महत्या के पीछे के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।