गिद्दी (हजारीबाग): डाडी प्रखंड क्षेत्र के बलसगरा पंचायत सचिवालय में गुरुवार को स्व. बालेश्वर पटेल की शोक सभा आयोजित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। सभा में लोगों ने उनकी तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। साथ ही एक मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। अवसर पर कुर्मी समाज के लोग बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
शोक सभा में कहा गया कि बालेश्वर पटेल की जघन्य हत्या से पूरे क्षेत्र को शिक्षा और सामाजिक कार्यों में अपूरणीय क्षति हुई है। उन्होंने समाज को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। समाज को उनकी कमी हमेशा खलेगी। अवसर पर कुर्मी विकास मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष शीतल ओहदार ने कहा कि प्रशासन बालेश्वर पटेल के हत्यारों को फांसी की सजा दिलाए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द न्याय नहीं मिला तो कुर्मी समाज सड़क से सदन तक आंदोलन करेगा।
बताया गया कि बालेश्वर पटेल की हत्या जमीन विवाद को लेकर बेरहमी से की गई थी। इस मामले में कुल 10 आरोपी शामिल हैं, जिनमें से कुछ अभी भी फरार हैं। वहीं सभा में निर्णय लिया गया कि अगली बैठक रबोध पंचायत के जोगा चौक पर आयोजित की जाएगी।
मौके पर कपिल देव महतो, कुर्मी महासभा हजारीबाग जिला उपाध्यक्ष लालधन महतो, झारखंड कुर्मी महासभा के कार्यकारी सदस्य मंगलदेव महतो, केंद्रीय उपाध्यक्ष हेमलाल महतो, मुखिया सुदर्शन भुइयां, पंचायत समिति सदस्य सुरेश राम, गुलचंद महतो, राजकुमार महतो, वकील महतो, नारायण महतो, अशोक महतो, सुरेश महतो, प्रमेश्वर महतो, मोतीलाल महतो, ओमप्रकाश महतो, ब्रजबिहारी महतो, दिलीप कुमार महतो, मनोज कुमार महतो, भोला महतो, दिवाकर चंद्र पटेल, बैजनाथ महतो, गुरुदयाल महतो, किशोर कुमार, पवन कुमार सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।
