रामगढ़: भुरकुंडा ओपी अंतर्गत सयाल में शनिवार की शाम स्कूटी और बाइक के बीच भीषण टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई। जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। सीसीएल भुरकुंडा अस्पताल में प्राथमिक उपचार कर घायलों को रिम्स रेफर कर दिया गया है। दुर्घटना शाम लगभग 7:30 बजे की बताई जाती है।
दुर्घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार सयाल दोतल्ला के समीप मेन रोड पर शनिवार की शाम स्कूटी (JH 24L 9754) पर पोड़ा निवासी आयुष कुमार (20 वर्ष) पिता नागेंद्र सिंह और मो. इम्तियाज (19 वर्ष) पिता अब्दुल कय्यूम सयाल से पोड़ा की ओर जा रहे थे। वहीं स्प्लेंडर बाइक (JH 24L 1534) पर सयाल टिपला निवासी राकेश कुमार (18 वर्ष) पिता राजेंद्र भुईयां और उसका साथी (अज्ञात) विपरीत दिशा से आ रहे थे। इस दौरान अखिलेश चक्की दुकान के निकट दोनों वाहनों के बीच जबरदस्त टक्कर हो गई।

हादसे में चारों युवकों को गंभीर चोट लगी। जबकि दोनों वाहन बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए। आनन-फानन में स्थानीय लोगों के सहयोग से चारों युवकों को सीसीएल अस्पताल भुरकुंडा ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने स्कूटी सवार आयुष कुमार और बाइक सवार अज्ञात युवक को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल मो. इम्तियाज और राकेश कुमार का प्राथमिक उपचार कर बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया गया।
मामले की सूचना पर भुरकुंडा ओपी प्रभारी उपेंद्र कुमार सदलबल सीसीएल अस्पताल भुरकुंडा पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रामगढ़ भेज दिया है। वहीं दोनों वाहनों को जब्त कर भुरकुंडा ओपी ले आया गया है। खबर लिखे जाने तक दुर्घटना में मारे गए बाइक सवार अज्ञात युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। संभावना जताई जा रही है कि मृतक टिपला का ही रहनेवाला है।
