• गोला-रजरप्पा मार्ग के निकट पिपराजरा गांव में हुआ हादसा, पसरा मातम
• दुर्घटना में कई अन्य घायल, लोगों ने सड़क किया जाम
A.kumar
गोला/रामगढ़: गोला-रजरप्पा मार्ग स्थित पिपराजरा गांव के समीप सोमवार की शाम सोहराय पर मना रहे लोगों को अनियंत्रित बोलेरो ने रौंद दिया। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। जिसमें एक ही परिवार की दो महिलाएं और एक बच्चा सहित एक अन्य बच्ची शामिल है। वहीं बोलेरो की चपेट में आकर कई लोग चोटिल हुए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार सोमवार की शाम संथाली समाज के लोग स्थानीय धुमा मांझी के घर के समीप सोहराय पर्व मना रहे थे। इस बीच एक तेज रफ्तार अनियंत्रित बोलेरो लोगों को चपेट में लेते हुए शीशम के पेड़ से जा टकराया। हादसे में धुमा मांझी की पत्नी मुनिया देवी (45 वर्ष) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल उनकी बहु बिलासो देवी और पोता निरंजन मांझी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल एक अन्य बच्ची रोशनी कुमारी पिता संजय मांझी की मौत रिम्स में इलाज के दौरान हो गई।
हादसे में पंचमी कुमारी, वीणा देवी, पार्वती कुमारी, बसंती देवी, सुरज मुनि कुमारी, तालो कुमारी, हेमंती कुमारी, ठाकुरमनी देवी उर्मिला देवी, रुपाली कुमारी, लीला देवी घायल हो गईं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोला में प्राथमिक इलाज के बाद सभी को सदर अस्पताल रामगढ़ रेफर कर दिया गया है।
वहीं घटना से आक्रोशित लोगों ने बोलेरो के चालक राहुल बेदिया की जमकर पिटाई कर दी। पिटाई से घायल चालक को पुलिस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल रामगढ़ रेफर कर दिया गया।
इधर, घटना से आक्रोशित लोग मंगलवार को सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन करने लगे। जिसकी सूचना पर बीडीओ सुधा वर्मा, सीओ समरेश सिंह भंडारी, इंस्पेक्टर राजेश कुमार, थाना प्रभारी अभिषेक प्रताप घटनास्थल पर पहुंचे और सरकारी प्रावधान के अनुसार मुआवजा देने का आश्वासन दिया। लेकिन लोग का गुस्सा कायम रहा। ग्रामीणों के अनुसार बोलेरो का उपयोग रजरप्पा थाना की पुलिस करती है। जो कि उसरा गांव निवासी थाना के चौकीदार मनीष करमाली की है। बताया गया कि पुलिस तीन नवंबर को बोलेरो की चोरी की मनगढ़ंत बात कह वाहन मालिक का बचाव करना चाह रही है। खबर लिखे जाने तक जाने तक यथा स्थिति बनी रही।
सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी ने मृतकों के परिजनों से की मुलाकात
घटना की जानकारी पर मंगलवार की सुबह गिरीडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी पिपराजरा गांव पहुंचे और मृतकों के शोक संतप्त परिजनों को सांत्वना देते हुए ढांढस बंधाया। साथ ही उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले पर निष्पक्ष जांच और कार्यवाही करने की बात कही