रांची: एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने खूंटी जिले में पदस्थापित महिला थाना प्रभारी को कथित 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। टीम पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई है। मिली जानकारी के अनुसार एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट सह महिला थाना प्रभारी सुलेखा कुमारी सपना द्वारा श्याम कुमार नामक व्यक्ति से किसी मामले में 4.50 लाख रुपये रिश्वत मांगी जा रही थी। जिसकी शिकायत श्याम कुमार ने एंटी करप्शन ब्यूरो से कर दी।
एसीबी ने मामले का सत्यापन करते हुए योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की। श्याम कुमार से एडवांस के तौर पर 50 हजार लेने के दौरान एसीबी की टीम ने थाना प्रभारी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उन्हें एसीबी टीम साथ ले गई है। मामले में अग्रेतर कानूनी कार्रवाई जारी है।
