मुठभेड़ में पांच नक्सलियों की मौत पर दो दिवसीय बंद का एलान

रांची: प्रतिबंधित माओवादी नक्सली संगठन ने शुक्रवार से  पश्चिमी झारखंड और दक्षिणी बिहार में दो दिवसीय बंद बुलाया। नक्सली संगठनों द्वारा पश्चिमी झारखंड के चतरा, लोहरदगा, लातेहार, खूंटी और गुमला जिले सहित दक्षिणी बिहार के सीमावर्ती इलाकों में बंद की घोषणा की गई थी। जिसे देखते हुए पुलिस भी अलर्ट मोड पर है। 

पहले दिन बंद का कई जगहों पर मिला जुला असर देखने को मिला। पलामू में बंद से जनजीवन प्रभावित होने की सूचना मिल रही है। कई रूट पर सवारी वाहनों का आवागमन लगभग ठप रहा है। जगह-जगह सन्नाटा भी पसरा रहा। हालांकि बंद के मद्देनजर पश्चिमी झारखंड के जिलों में पुलिस भी पूरी तरह चौकस रही। 

बताते चले कि झारखंड के चतरा जिले के लावालौंग थाना स्थित ग्रहे जंगल में हुई मुठभेड़ में पांच नक्सलियों के मारे जाने के विरोध में बंद का ऐलान किया गया है। बंद से आवश्यक वस्तुओं, संस्थानों जैसे प्रेस, दूध और एंबुलेंस को मुक्त रखा है।

बताया जाता है कि पश्चिमी झारखंड सहित दक्षिणी बिहार के कुछ सीमावर्ती इलाकों में संगठन का प्रभाव है। बंद को लेकर गया के रौशनगंज थाना क्षेत्र में बिहार-झारखंड रीजनल कमेटी ने एक पर्चा चस्पा किया था।