रांची: उत्तराखंड से झारखंड के लिए सुखद खबर मिल रही है। उतरकाशी में ब्रह्मकमल और यमुनोत्री नेशनल हाईवे पर सिल्क्यारा और डंडलगांव के बीच निर्माणधीन टनल में हुई दुर्घटना में फंसे झारखंड के सभी श्रमिक सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार श्रमिकों की मदद के लिए सोमवार को उत्तराखंड गई तीन सदस्यीय टीम के अधिकारियों ने श्रमिकों से पाइपलाइन के जरिए बातचीत भी की है। राहत और बचाव कार्य चलाया जा रहा है। टीम टनल में श्रमिकों की स्थिति और बचाव कार्यों पर नजर बनाए हुए है।
बताते चलें कि निर्माणाधीन टनल में हुई दुर्घटना के बाद मलबा गिरने से काम कर रहे तकरीबन 40 मजदूर फंस गये हैं। जिनमें झारखंड के रांंची, खूंटी, पश्चिमी सिंहभूम और गिरिडीह के 15 श्रमिक शामिल हैं। दुर्घटना के बाद से लोग सभी 40 श्रमिकों के सकुशल होने की कामना कर रहे हैं।