मुंबई: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में अभिनेता टाइगर श्रॉफ से जुड़ी गोलीबारी की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। विले पार्ले पश्चिम में जुहू पुलिस थाना क्षेत्र के भीतर शाम करीब सात बजे हुई इस घटना में दो लोग घायल हुए हैं। घायलों में टाइगर श्रॉफ के ड्राइवर फिरदौस भी शामिल हैं, जिनके बाएं हाथ में गोली लगी है। मुंबई पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अभिनेता सुरक्षित हैं और उन्हें कोई चोट नहीं आई है।

पुलिस के मुताबिक, घटना उस समय हुई जब टाइगर श्रॉफ अपना निजी काम पूरा कर वहां से लौट रहे थे। मुंबई के वेस्ट जोन-2 के पुलिस उपायुक्त मोहित गर्ग ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर जांच शुरू कर दी है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
हमलावरों की पहचान करने और उनके भागने के रास्ते का पता लगाने के लिए पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। डीसीपी मोहित गर्ग के अनुसार, करीब 15 पुलिस टीमें मामले की जांच में जुटी हैं। हालांकि, गोलीबारी में कितने राउंड फायर किए गए, इस बारे में पुलिस ने फिलहाल जानकारी नहीं दी है।
एकनाथ शिंदे ने सुरक्षा का भरोसा दिया
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बताया कि उन्होंने टाइगर श्रॉफ और उनके पिता जैकी श्रॉफ से बातचीत की है। उन्होंने अभिनेता को आश्वस्त किया कि सरकार उनके साथ है। शिंदे ने कहा कि फिल्मी हस्तियों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जाएगी और लोगों को डराने-धमकाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

